भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें, जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं रासायनिक उर्वरक: वीके यादव
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। मुख्य कृषि अधिकारी वीके यादव ने कहा है कि जनपद में रासायनिक उर्वरकों की कमी को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर किसान ध्यान न दें। जिले में सभी प्रमुख उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में यूरिया 11,361 मीट्रिक टन, डीएपी 3,956 मीट्रिक टन, एमओपी (पोटाश) 872 मीट्रिक टन, एनपीके 1,455 मीट्रिक टन, एसएसपी 2,003 मीट्रिक टन तथा एफओएम 47 मीट्रिक टन का स्टॉक सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं के यहां उपलब्ध है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए उर्वरक खरीद सकते हैं।
मुख्य कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को भारत सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही उर्वरकों की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने या किसानों की मांग के बिना अन्य सामग्री बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी उन्होंने किसानों से उर्वरकों से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत निकटवर्ती कृषि विभाग कार्यालय में दर्ज कराने की अपील की।।

