ऊधम सिंह नगर

शहीद ऊधम सिंह को नमन, विकास योजनाओं की सौगात; मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ की तैयारियों का लिया जायजा

शहीद ऊधम सिंह को नमन, विकास योजनाओं की सौगात; मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ की तैयारियों का लिया जायजासौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर/गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जनपद भ्रमण के दौरान शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित 9 फीट ऊंची आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने पार्किंग एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी करीब 3.85 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद गदरपुर स्थित एनडीआरएफ बटालियन का निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का बलिदान देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में रह रहे शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से संवाद कर उनके साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में 120.18 लाख रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग और ड्रेनेज कार्य का लोकार्पण किया। वहीं, कैनाल कॉलोनी में 264.97 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सरफेस पार्किंग का शिलान्यास करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से शहर में पार्किंग व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।

गदरपुर स्थित एनडीआरएफ बटालियन पहुंचकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जवानों से आपदा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में एनडीआरएफ की भूमिका बेहद अहम है और राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक संसाधनों, तकनीक और बेहतर समन्वय के साथ लगातार सशक्त बना रही है।

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के जवानों के साहस और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें हर परिस्थिति में मानव जीवन की रक्षा के लिए समर्पित बताया। उन्होंने कलेक्ट्रेट और एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस दौरान प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर विकास शर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर,दीपक बाली, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, एनडीआरएफ कमांडेंट संतोष कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और एनडीआरएफ के जवान मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button