Tuesday, September 22, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षा विभाग के समग्र कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, पीएम पोषण योजना, समग्र शिक्षा अभियान, पेयजल, बाउंड्री वॉल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, मिड-डे मील तथा आपदा से प्रभावित विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का अभाव है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें और किसी भी विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी न रहने दी जाए उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को जल संस्थान एवं जल निगम के साथ समन्वय स्थापित कर सभी विद्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसरों में स्वच्छता, कार्यशील शौचालय, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण एवं मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने तथा स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने को भी कहा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

उन्होंने पीएम पोषण योजना के तहत मिड-डे मील की गुणवत्ता, नियमितता और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, ड्रॉपआउट दर कम करने और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी जोर दिया।

मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 764 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 644 शासकीय, 109 निजी तथा 11 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 4 केंद्रीय विद्यालय, 1 जवाहर नवोदय विद्यालय तथा 1 राजकीय नवोदय विद्यालय भी संचालित हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी जिलाधिकारी को दी।
बैठक में भरत जोशी, प्रियंका भट्ट, संजय भट्ट, कमल भट्ट, सुनील दत्ताल, आर.पी. डोभाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Call Now Button