ऊधम सिंह नगर

उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता से करें निस्तारण : सीडीओ दिवेश शाशनी

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, इसलिए औद्योगिक संस्थानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित जिला उद्योग मित्र बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की सड़क, विद्युत, जल निकासी, यातायात, आधारभूत संरचना और अन्य विभागीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।बैठक में डिस्ट्रिक्ट ऐज एक्सपोर्ट हब (District as Export Hub) के तहत निर्यात संवर्धन और विदेश व्यापार पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। सहायक महानिदेशक, विदेश व्यापार महानिदेशालय प्रिया रानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्यमियों को निर्यात शुरू करने की प्रक्रिया, विदेश व्यापार नीति, पंजीकरण, प्रमाणन, प्रोत्साहन योजनाओं और निर्यात की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अधिक से अधिक स्थानीय उद्योगों को निर्यात गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

उद्यमियों ने उद्योग मित्र बैठक को उद्योगों की समस्याओं के समाधान और विभागों के साथ बेहतर समन्वय का प्रभावी मंच बताया तथा निर्यात विषयक सत्र की सराहना की। सीडीओ ने पूर्व बैठक में उठाए गए लंबित मामलों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के लिए पुनः स्मरण पत्र भेजे जाएं तथा विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों की समय-सीमा तय कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, आरएम सिडकुल सितारगंज रविंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, पिटकुल के अरविंद रावत, लीड बैंक अधिकारी कमल कुमार, एनएचएआई इंजीनियर तुषार गुप्ता, केजीसीसीआई से अशोक बंसल, अपूर्व जिंदल, राकेश कुमार, अशोक कुमार, एसईडब्ल्यूएस के प्रतिनिधि सहित अनेक उद्यमी और अधिकारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button