पंतनगर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विद्यार्थियों को मानव तस्करी के प्रति किया जागरूक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
पंतनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मानव तस्करी की रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, पंतनगर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को मानव तस्करी के खतरों से बचाव और सतर्क रहने के उपायों की जानकारी दी गई कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य तुलसी प्रसाद भट्ट ने सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर पीएलवी टीम के एस.के. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के लालच, उपहार या झूठे प्रलोभन में नहीं आना चाहिए। उन्होंने बताया कि मानव तस्करी में शामिल गिरोह बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते हैं और उनके शोषण सहित अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम देते हैं। इसलिए बच्चों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराई पर रोक लगाने के लिए सरकार, न्यायपालिका और समाज मिलकर लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। कार्यक्रम में पीएलवी टीम के कमल श्रीवास्तव, अंकित त्रिपाठी, शालिनी गुप्ता, मंजू रानी एवं मीना शर्मा भी उपस्थित रहे।।

