2 अगस्त को पंतनगर में लगेगा बहुउद्देशीय शिविर, एक ही स्थान पर मिलेंगी सरकारी योजनाओं और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 2 अगस्त (रविवार) को गांधी भवन, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा। इसमें उत्तराखंड उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायमूर्ति तथा उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र लोगों का मौके पर ही पंजीकरण कर विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, बौना पेंशन, आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल सहित अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रम विभाग की ओर से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं मजदूरों का पंजीकरण कर निःशुल्क सामग्री वितरित की जाएगी। समाज कल्याण विभाग विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएगा।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से निःशुल्क ओपीडी, दवा वितरण और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे।
इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टॉल पर आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता, विभिन्न कानूनों, स्थायी लोक अदालत की भूमिका एवं लाभ तथा नालसा और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के ऑनलाइन विधिक सहायता पोर्टल की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
सचिव ममता पंत ने सभी संबंधित विभागों से शिविर में कंप्यूटर, प्रिंटर सहित आवश्यक उपकरणों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं, ताकि मौके पर ही पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

