ऊधम सिंह नगर

24 घंटे बाद खत्म हुआ सितारगंज तहसील का हाई-वोल्टेज ड्रामा, बंधक बनी विजिलेंस टीम हुई मुक्त

24 घंटे बाद खत्म हुआ सितारगंज तहसील का हाई-वोल्टेज ड्रामा, बंधक बनी विजिलेंस टीम हुई मुक्त

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

सितारगंज तहसील में विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के बाद शुरू हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार करीब 24 घंटे बाद समाप्त हो गया। गुरुवार को अधिकारियों और राजस्व कर्मियों के बीच चली लंबी वार्ता के बाद बंधक बनाई गई विजिलेंस टीम को मुक्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने बुधवार को सितारगंज तहसील में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। कार्रवाई के तुरंत बाद तहसील के राजस्व कर्मियों और कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया और विजिलेंस टीम को तहसील परिसर से बाहर नहीं जाने दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और टीम लगभग 24 घंटे तक वहीं फंसी रही।

गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों और राजस्व कर्मियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। अंततः सहमति बनने पर विजिलेंस ने ट्रैप कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपियों को छोड़ दिया। इसके बाद तहसील कर्मियों ने भी अपना विरोध समाप्त करते हुए विजिलेंस टीम को मुक्त कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी। रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम के ही बंधक बनाए जाने की घटना चर्चा का विषय बनी रही। फिलहाल बातचीत के जरिए गतिरोध समाप्त हो गया है, हालांकि पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button