Thursday, July 30, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई के विरोध में राजस्व कर्मियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। सितारगंज तहसील में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ओर से की गई कार्रवाई के विरोध में राजस्व कर्मचारियों के विभिन्न संगठनों ने जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच पूरी होने से पहले संबंधित कर्मियों के विरुद्ध गिरफ्तारी या अन्य कार्रवाई की गई तो 30 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

ज्ञापन में कहा गया है कि 29 जुलाई को तहसील सितारगंज के वसूली कक्ष में संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा एवं सहायक राजस्व लेखाकार भूपेंद्र सिंह राणा राजस्व बकाया की वसूली कर सरकारी रसीद जारी कर रहे थे। इसी दौरान सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने कार्रवाई करते हुए वसूली की राशि को रिश्वत की रकम बताते हुए ट्रैप की कार्रवाई की।

कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी कलेक्शन मैनुअल के प्रावधानों के तहत अपना दायित्व निभा रहे थे। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता स्वयं राजस्व बकायेदार है तथा उसके विरुद्ध पूर्व में विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। संगठनों ने आरोप लगाया कि बिना निष्पक्ष जांच के की गई कार्रवाई से राजस्व कर्मियों का मानसिक उत्पीड़न हो रहा है और विभाग की छवि धूमिल हो रही है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले की संयुक्त जांच राजस्व, पुलिस एवं वित्त विभाग के अधिकारियों की समिति से कराई जाए तथा जांच पूरी होने और दोष सिद्ध होने तक संबंधित कर्मियों के विरुद्ध किसी प्रकार की गिरफ्तारी या दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।

ज्ञापन संग्रह अमीन संघ के जिलाध्यक्ष उमाशंकर, उत्तराखंड लेखपाल संघ की प्रांतीय उपाध्यक्ष मंजू बिष्ट तथा उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष गौरव रावत सहित अन्य पदाधिकारियों की ओर से जिलाधिकारी को सौंपा गया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button