रुद्रपुर में 1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ-2026, तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद में 1 सितंबर से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को विकास भवन में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं के सफल एवं पारदर्शी आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी ने न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर की खेल समितियों के साथ शीघ्र बैठक कर खेल मैदानों का चयन, तिथिवार रोस्टर तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक खेल मैदान पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा।
उन्होंने सभी स्तरों पर निर्धारित समयानुसार प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारियों को प्रार्थना सभाओं, पोस्टर, बैनर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकें। साथ ही पर्याप्त तकनीकी स्टाफ, निर्णायकों की तैनाती और निष्पक्ष प्रतियोगिताएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं एवं दिव्यांगों को खेलों के प्रति आकर्षित करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना तथा न्याय पंचायत, विधानसभा, सांसद क्षेत्र और राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन करना है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। अंडर-14 वर्ग में 11 से 14 वर्ष तथा अंडर-19 वर्ग में 15 से 19 वर्ष आयु के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे, जबकि दिव्यांग वर्ग की प्रतियोगिता ओपन होगी।
खेल महाकुंभ के तहत न्याय पंचायत स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट की प्रतियोगिताएं होंगी। विधानसभा स्तर की विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी में इन खेलों के साथ वॉलीबॉल और पिट्टू को शामिल किया गया है। वहीं सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल, पिट्टू, मलखंब, रस्साकशी, कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन सहित 11 खेलों का आयोजन किया जाएगा विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन किया जा रहा है।
बैठक में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हिमांशु कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

