मेयर विकास शर्मा के निर्देश पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध श्रावण मास तक रहेगा आदेश प्रभावी, उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
मेयर विकास शर्मा के निर्देश पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
श्रावण मास तक रहेगा आदेश प्रभावी, उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा की पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मेयर विकास शर्मा के निर्देश पर नगर निगम रुद्रपुर ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर कच्चे और पके हुए मांस की बिक्री तथा मांसाहारी भोजन परोसने वाले प्रतिष्ठानों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रणदीप की ओर से मंगलवार को आदेश जारी किया गया, जो श्रावण मास की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
बताया गया कि हाल ही में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मेयर विकास शर्मा से मुलाकात कर श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस की दुकानों और मांसाहारी भोजनालयों को बंद रखने की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए इन मार्गों से गुजरते हैं, इसलिए यात्रा मार्ग की धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक है।
मामले का संज्ञान लेते हुए मेयर विकास शर्मा ने नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके अनुपालन में सहायक नगर आयुक्त रणदीप ने औपचारिक आदेश जारी किया।
आदेश के अनुसार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत काशीपुर-किच्छा राष्ट्रीय राजमार्ग, काशीपुर बाईपास मार्ग सहित सभी कांवड़ यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार के कच्चे अथवा पके हुए मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा ऐसे सभी रेस्टोरेंट एवं भोजनालय, जहां मांसाहारी भोजन परोसा जाता है, उन्हें भी श्रावण मास की अवधि तक बंद रखना होगा।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रतिष्ठान में प्रतिबंध के बावजूद कच्चे या पके हुए मांस का विक्रय किया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
मेयर विकास शर्मा ने कहा कि श्रावण मास करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है और कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी के व्यापार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर धार्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान बनाए रखना है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
नगर निगम प्रशासन ने भी सभी संबंधित व्यापारियों से जारी आदेश का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि इससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग मिलेगा।।

