खटीमा को मॉडल नगर बनाने की तैयारी, डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने दिए सख्त निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
खटीमा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद खटीमा में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने नगर क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को नियमित पैदल निरीक्षण करने, क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों एवं पुलियों का सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में प्रतिदिन डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई न दें और स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनी रहे।
उन्होंने खटीमा को आदर्श एवं मॉडल नगर के रूप में विकसित करने के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत तथा जर्जर विद्युत पोलों को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए।
वर्षाकाल को देखते हुए जिलाधिकारी ने नालियों एवं जल निकासी तंत्र की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और जलभराव की स्थिति नहीं बनने देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उप जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कोस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, अधिशासी अधिकारी प्रियंका, खंड विकास अधिकारी संजय गांधी, रविंद्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।

