कांवड़ यात्रा 2026: ऊधम सिंह नगर में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक व्यापक रूट डायवर्जन लागू, भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक विशेष रूट डायवर्जन एवं यातायात योजना लागू की गई है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, बिलासपुर, काशीपुर, हरिद्वार, नैनीताल, हल्द्वानी, सितारगंज, खटीमा और किच्छा की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों को रिंग रोड के माध्यम से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इससे कांवड़ यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित और निर्बाध बनी रहेगी।
डाक कांवड़ के दौरान रहेगा विशेष प्रतिबंध
एसएसपी ने बताया कि 8 अगस्त से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ के मद्देनजर सभी प्रकार के भारी वाहनों को रामपुर बॉर्डर, एमेनिटी स्कूल, राधा स्वामी सत्संग और पार्ले चौक से रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी तथा पेट्रोलियम पदार्थों से जुड़े आवश्यक सेवा वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी।
कई स्थानों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री
इस अवधि में जनपद के एसएच हॉस्पिटल सितारगंज, पुलभट्टा, दरऊ चौक, लालपुर, डिबडिबा, कीरतपुर मोड़, रामपुर बॉर्डर, छतरपुर मोड़, महतोष मोड़, मोतियापुर मोड़, स्वार बॉर्डर, बरहैनी, लोहियापुल पैंगा, प्रतापपुर चौकी, सूर्या बॉर्डर, धर्मपुर बॉर्डर और नादेही बॉर्डर सहित कई प्रमुख स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
काशीपुर सेक्टर में भी विशेष व्यवस्था
काशीपुर क्षेत्र में धामपुर, बिजनौर, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद, दड़ियाल, रामनगर, हल्द्वानी, बाजपुर, गदरपुर और नवाबगंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग स्थानों पर प्रवेश प्रतिबंध लागू रहेगा, जिससे कांवड़ मार्ग पर यातायात सुचारु बना रहे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार यातायात व्यवस्था में अतिरिक्त बदलाव भी किए जाएंगे।।

