रुद्रपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 150 लीटर अवैध कच्ची शराब और 3000 किलो लहन नष्ट
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में आबकारी विभाग ने अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।
क्षेत्र-01 रुद्रपुर की आबकारी टीम ने गोविंद नगर वार्ड नंबर-4 में छापेमारी कर अंबिका बाछड़ के घर से 500-500 मिलीलीटर की 30 पाउच, कुल 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। वहीं सुरेंद्र कौर के घर से एक नीले ड्रम में लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
इसके बाद ग्राम अर्जुनपुर में एक खेत के नाले के किनारे संचालित अवैध शराब की भट्टी को ध्वस्त किया गया। मौके पर पांच गड्ढों में रखे लगभग 3000 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया तथा करीब 110 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग ने संबंधित अभियुक्तों एवं अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं तथा धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह ने किया। उनके साथ प्रधान आबकारी सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, मंजू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।

