ऊधम सिंह नगर

मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, राजस्व वसूली और कानून व्यवस्था पर दिया जोर

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में अधिकारियों को मुख्य देयक एवं विविध देयकों की वसूली में तेजी लाने तथा मानसून के दौरान पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को नियमित कोर्ट लगाकर लंबित राजस्व वादों का त्वरित निस्तारण करने तथा पुराने मामलों को प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही बकायेदारों से सख्ती के साथ राजस्व वसूली करने और मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रियता बढ़ाने और जनपद में अनैतिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को चकबंदी वाले गांवों में कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा
जिलाधिकारी ने आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब और अवैध मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोग के संदर्भ, रिट याचिकाओं, ऑडिट आपत्तियों तथा पेंशन प्रकरणों की आख्या समय सीमा के भीतर भेजने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करें तथा शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद भी करें।एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी को होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में नियमित निरीक्षण एवं सैंपलिंग कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर बनाकर अभियान चलाने को कहा, ताकि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, विभिन्न उप जिलाधिकारी, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एल.एम. पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button