जिलाधिकारी ने ललूवापानी–बनलेख–जयगांव–जैंतोली मोटर मार्ग का निरीक्षण किया, सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग लोहाघाट, एआरटीओ चम्पावत एवं अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड (पीएमजीएसवाई) के साथ ललूवापानी–बनलेख से जयगांव–जैंतोली मोटर मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग के शुरुआती लगभग 400 मीटर हिस्से में सड़क का ढाल अत्यधिक तीव्र पाया गया।
आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने उक्त स्थान पर आवश्यकता अनुसार क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग के विभिन्न हिस्सों में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों और काजवों का निरीक्षण कर शीघ्र आख्या रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय समिति को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे मार्ग का विस्तृत निरीक्षण करने, दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से सड़क की वर्तमान स्थिति, आवश्यक सुरक्षा कार्यों एवं पुनर्निर्माण संबंधी विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवश्यक अग्रिम कार्रवाई समय पर की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग लोहाघाट श्री हितेश कांडपाल, एआरटीओ श्री मनोज बगोरिया, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड (पीएमजीएसवाई) श्री बीरेंद्र सिंह बोहरा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।

