काशीपुर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर आयोजित, ₹44.36 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
काशीपुर। नगर निगम सभागार में सोमवार को प्रदेश के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंत्री ने ₹31.35 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹13.01 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंत्री का स्वागत विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश (दिवेश) शाशनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया सभा को संबोधित करते हुए मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिसके लिए पूरे प्रदेश में जनसेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया जा रहा है।
काशीपुर को मिलेगा नया बस अड्डा मंत्री ने काशीपुर रोडवेज बस स्टेशन की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि नए बस अड्डे के लिए भूमि का चयन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में छोटे-छोटे बस स्टॉप भी विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के लिए करीब 20 नई सिटी बसें, जिनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी, संचालित करने की योजना है। साथ ही परिवहन निगम द्वारा 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और दिवाली से पहले नई बसें सड़कों पर उतरना शुरू हो जाएंगी।
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
नगर क्षेत्र में विभिन्न आधारभूत विकास कार्यों के तहत:
₹20.43 करोड़ से 77 स्थानों पर सड़क एवं नाली निर्माण।
₹1.97 करोड़ से दो स्थानों पर पेविंग कार्य।
₹1.80 करोड़ से 10 स्थानों पर पीपीपी मॉडल के तहत ईवी चार्जिंग स्टेशन।₹7.15 करोड़ से पांच स्थानों पर वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा।
शिविर में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जनसेवा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 54 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस दौरान बबीता देवी को क्रेडिट कार्ड, दानिश को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ₹15 हजार का चेक तथा शकुंतला देवी और रीना सिंह को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में नगर निगम, राजस्व, विद्युत, कृषि, मत्स्य, सैनिक कल्याण, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, स्वास्थ्य, आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक विभागों सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

