Thursday, September 10, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

शेर का डांडा में ऐतिहासिक महाभियान, 200 स्वयंसेवकों ने लगाए 1500 पौध

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान नैनीताल। शहर के पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को शेर का डांडा पहाड़ी क्षेत्र में वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण महाभियान चलाया गया। नासा क्लब, तिब्बती समुदाय, टीम क्लीन नैनीताल, डीएसबी कॉलेज, स्नोव्यू वार्ड, रोटरी क्लब, किलर्स फुटबॉल क्लब और हनुमान भक्त संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में 4 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक के करीब 200 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

अभियान के संयोजक प्रशांत तिवारी ने बताया कि इस दौरान देवदार, बांज, तिलोंज, पांगर, खर्स्यू, पदम, मोरपंखी, पुतली, तेजपत्ता, अखरोट और सुरई सहित लगभग 1500 पौधों का रोपण किया गया। वहीं, खड़ी ढलानों पर मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए घिंघारू और मकाउल जैसी झाड़ियों का भी रोपण किया गया। स्वयंसेवकों ने पूरे क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा एकत्र कर साफ-सफाई भी की।नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने भी अभियान में भाग लेकर पौधारोपण किया और सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
इस महाभियान में तिब्बती समुदाय, नासा क्लब, टीम क्लीन नैनीताल, हनुमान भक्त संगठन, डीएसबी कॉलेज, किलर्स फुटबॉल क्लब, स्नोव्यू वार्ड के प्रतिनिधियों सहित भीमताल और नैनीताल के अनेक पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई अभियान के समापन पर तिब्बती समुदाय की ओर से सभी स्वयंसेवकों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जनसहभागिता आधारित अभियान नैनीताल की प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button