ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया 27वां कारगिल विजय दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर। 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी सहित प्रशासन, पुलिस, पूर्व सैनिकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए जनपद के हवलदार पदम राम और राइफलमैन अमित नेगी के चित्रों पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कारगिल युद्ध में घायल पूर्व सैनिक मान सिंह मेहता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा तथा युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति के आदर्शों को अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल के.डी. सिंह ने कारगिल युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युद्ध की पृष्ठभूमि, भारतीय सेना और वायुसेना के समन्वय तथा कठिन परिस्थितियों में सैनिकों के अद्वितीय साहस और समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि सैनिक का जीवन राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च संकल्प होता है।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन दिया।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि और विजय की जानकारी देते हुए बताया कि युद्ध में देश के लगभग 30 हजार सैनिकों ने हिस्सा लिया, जिनमें 527 जवान शहीद हुए। उत्तराखंड के 75 और ऊधमसिंह नगर के दो जवानों ने भी सर्वोच्च बलिदान दिया।

इस अवसर पर शिक्षण संस्थानों की ओर से आयोजित निबंध, भाषण, चित्रकला और देशभक्ति कविता प्रतियोगिताओं तथा खेल विभाग की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विंग कमांडर एच.के. राय (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट कर्नल गुरुदेव सिंह (सेवानिवृत्त), लेफ्टिनेंट कर्नल आर.पी. सिंह (सेवानिवृत्त), पूर्व सैनिक, पुलिस अधिकारी, सैनिक परिवारों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button