मानसून में सुरक्षित यातायात के लिए सड़कों पर सफाई और झाड़ी कटान अभियान तेज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मानसून के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर निरोधात्मक कार्य शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेशों के अनुपालन में संबंधित विभागों को सतर्क रहकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य कार्यदायी संस्थाओं द्वारा जनपद के संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर लगातार रखरखाव, सफाई और मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर दृश्यता के लिए बसतिया के पास झाड़ी कटान कराया गया है। साथ ही सड़कों पर जमा मलबा हटाने, जलभराव रोकने के लिए नालियों की सफाई और मार्गों को बाधारहित बनाए रखने का कार्य भी तेज गति से जारी है।
जिला प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान आम जनता, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। किसी भी स्थान पर भूस्खलन या मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात को जल्द से जल्द बहाल किया जाएगा।।

