ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में प्रथम धीरज सिंह रघुवंशी मेमोरियल ओपन शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, भारत-नेपाल के 300 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान रुद्रपुर। मनोज सरकार स्टेडियम में देवभूमि शतरंज एसोसिएशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय प्रथम स्वर्गीय श्री धीरज सिंह रघुवंशी मेमोरियल ओपन शतरंज प्रतियोगिता का गुरुवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुभारंभ किया। 23 से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत और नेपाल के लगभग 300 शतरंज खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल आपसी भाईचारे, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के खिलाड़ियों की सहभागिता जनपद के लिए गौरव की बात है। साथ ही उन्होंने कहा कि मनोज सरकार स्टेडियम में इस स्तर की शतरंज प्रतियोगिता पहली बार आयोजित हो रही है, जिसके लिए देवभूमि शतरंज एसोसिएशन बधाई का पात्र है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रशासन को अवगत कराने का आग्रह किया, ताकि उसका समयबद्ध समाधान किया जा सके इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले राहुल सिंह बोहरा और कुणाल सिंह नेगी को जिलाधिकारी ने सम्मानित भी किया।मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शास्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। देवभूमि शतरंज एसोसिएशन के महासचिव संजीव चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में भारत एवं नेपाल के लगभग 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के विजेता को चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डी.डी. के सिंह, देवभूमि शतरंज एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष सीमा सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, शतरंज एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष टिंकू, इंटरनेशनल सीनियर आर्बिटर आर.सी. तिवारी सहित अनेक खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button