ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 लीटर कच्ची शराब बरामद, भट्टी ध्वस्त

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर गुरुवार को आबकारी विभाग ने अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में क्षेत्र-01 रुद्रपुर की टीम ने ग्राम बिन्दुखेड़ा और अर्जुनपुर में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।

बिन्दुखेड़ा नाले के पास अवैध शराब तैयार की जा रही एक भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर करीब 2,500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। तलाशी के दौरान 25 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके बाद टीम ने ग्राम अर्जुनपुर में सुरजीत कौर पत्नी निशान सिंह के घर पर छापा मारा। तलाशी में एक रबड़ ट्यूब में 60 लीटर तथा 40 पाउच (लगभग 20 लीटर) सहित कुल 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह ने किया। उनके साथ प्रधान आबकारी सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, रोशनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button