ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में 93 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, मंत्री रेखा आर्या बोलीं— मेधावी छात्र ही देश का उज्ज्वल भविष्य

सौरभ गंगवार टुडे हिंदुस्तानरुद्रपुर। उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं ही उत्तराखंड और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि संकल्प, अनुशासन और संस्कार से मिलती है। रुद्रपुर के होटल सोनिया सभागार में रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10 एवं 12 के अपने-अपने विद्यालयों के 93 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रेरक प्रयास है। उन्होंने संस्था की सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से तय होती है कि वह अपनी प्रतिभाओं को कितना सम्मान और अवसर देता है।

उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों से कहा कि उनकी सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। अब जीवन की वास्तविक यात्रा शुरू हुई है, इसलिए सफलता के साथ संकल्प और संस्कार को भी हमेशा अपने साथ रखें। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और अपनी प्रतिभा से उत्तराखंड तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया रेखा आर्या ने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज का गौरव हैं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक सफलता के पीछे परिवार के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

समारोह में विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य दीपक गुलाटी, प्रिया शर्मा, केवल बत्रा, विकास बत्रा, सुधांशु गाबा, सुभाष अरोड़ा, मोहित राय, मनोज खेड़ा, अमित बांगा, मोहित बत्रा, रितेश मनोला, राजेश कामरा, पवन गाबा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button