हरेला पर्व पर सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ बृहद वृक्षारोपण, 100 से अधिक फलदार पौधे लगाए
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के उपलक्ष्य में सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर में गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को बृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में 100 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. ए. एन. सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में प्रो. सरजीत सिंह, प्रो. प्रेम प्रकाश, राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. प्रदीप कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट, सचिन, जसवंत सिंह गंगवार सहित समस्त प्राध्यापकों, छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम से पूर्व राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. प्रदीप कुमार द्वारा राजकीय उद्यान से लगभग 100 पौधे महाविद्यालय परिसर में लाकर उपलब्ध कराए गए, जिनका सभी के सहयोग से रोपण किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. ए. एन. सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर को ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से 31 जुलाई तक व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।।

