हरेला पर्व पर सदर कोतवाली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, पुलिसकर्मियों और पीएलवी टीम ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
हरेला पर्व पर सदर कोतवाली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, पुलिसकर्मियों और पीएलवी टीम ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की पीएलवी टीम ने सदर कोतवाली रुद्रपुर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अमरूद का पौधा रोपित किया गया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया गया इस अवसर पर कोतवाली रुद्रपुर के एसआई नवीन जोशी, एसआई संतोष कुमार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। वक्ताओं ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं पीएलवी सदस्यों ने लोगों से जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल और बेहतर जीवन का आधार भी हैं।इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दी गईं तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए उनके सहयोग की सराहना की गई। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलवी टीम के सदस्य एस.के. श्रीवास्तव, कंचन सक्सेना, सुनील शर्मा, अंकित त्रिपाठी, हिना सोनी, प्रतिभा मंडल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।।

