ऊधम सिंह नगर

हरेला पर्व पर खनन विभाग की अनूठी पहल, सिडकुल में विकसित किया गया फलदार ‘फ्रूट गार्डन’

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तानउधम सिंह नगर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर खनन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल करते हुए उधम सिंह नगर के सिडकुल क्षेत्र में सैकड़ों फलदार पौधों का रोपण कर एक सुंदर ‘फ्रूट गार्डन’ विकसित किया। यह अभियान खनन निदेशक राजपाल लेघा के निर्देशन में जिला खान अधिकारी, उधम सिंह नगर के नेतृत्व में जनभागीदारी के साथ संचालित किया गया।

जिला खान अधिकारी ने बताया कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेने का पर्व है। इसी भावना को साकार करने के लिए पिछले एक सप्ताह से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में खनन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ किच्छा क्षेत्र के खनन कारोबारियों तथा स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।अभियान के तहत सिडकुल क्षेत्र में आम, अमरूद, आंवला, जामुन, बेल सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। इन पौधों को व्यवस्थित रूप से रोपित कर एक आकर्षक ‘फ्रूट गार्डन’ विकसित किया गया, जो भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता को बढ़ावा देने और लोगों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर जिला खान अधिकारी ने कहा कि “प्रकृति के साथ ही प्रगति संभव है।” उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। यदि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए, तभी वृक्षारोपण अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, खनन कारोबारियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी जिम्मेदारी भी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। सभी ने हरेला पर्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया हरेला पर्व पर आयोजित यह विशेष अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि समाज को हरियाली, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण का सशक्त संदेश भी देता है। खनन विभाग की यह पहल आने वाले समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा भावी पीढ़ियों को बेहतर और हरित भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button