हरेला पर्व पर डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। हरेला पर्व के अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र एवं पंकज उपाध्याय, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य कोषाधिकारी पंकज कुमार शुक्ल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पाण्डे, कमल कफल्टिया, तहसीलदार दिनेश कुटोला, जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि हरेला पर्व पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें।।

