Monday, August 31, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

काशीपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 कच्ची शराब की भट्टियां ध्वस्त, 18.5 हजार किलो लहन नष्ट

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

काशीपुर। उधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खाईखेड़ा और कटैया में छापेमारी कर चार अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान करीब 18,500 किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट किया गया, जबकि 320 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में क्षेत्र-03 काशीपुर की टीम ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान नाले के किनारे संचालित चार अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। आसपास की तलाशी में करीब 160 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद होने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद टीम ने ग्राम खाईखेड़ा में दबिश देकर परमजीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह के घर की तलाशी ली, जहां से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। वहीं गांव के एक खेत से भी 150 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने किया। टीम में उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश चंद्र भट्ट तथा आबकारी सिपाही कृष्ण चंद्र आर्या, सुमन आर्या, सुनीता रानी और नैनिका राणा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

error: Content is protected !!
Call Now Button