सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में ऊधमसिंहनगर पुलिस का अभियान,14 मस्जिदों से 17 लाउडस्पीकर हटाए
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर धार्मिक स्थलों पर लगे नियमों का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान 14 मस्जिदों से कुल 17 लाउडस्पीकर हटाए गए, जबकि 81 पुलिस एक्ट के तहत 6 चालान भी किए गए।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई उन लाउडस्पीकरों के विरुद्ध की गई, जो बिना अनुमति संचालित हो रहे थे, निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि कर रहे थे या रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित समय में उपयोग किए जा रहे थे। इसके अलावा अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और साइलेंस जोन के आसपास भी ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया।
थानावार कार्रवाई इस प्रकार रही:
जसपुर: 2 मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए गए।
काशीपुर: 1 मस्जिद से 1 लाउडस्पीकर हटाया गया।
आईटीआई: 2 मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए गए।
केलाखेड़ा: 2 मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए गए।
किच्छा: 2 मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए गए तथा 81 पुलिस एक्ट के तहत 2 चालान किए गए।
नानकमत्ता: 1 मस्जिद से लाउडस्पीकर हटाया गया।
खटीमा: 4 मस्जिदों से कुल 7 लाउडस्पीकर हटाए गए तथा 81 पुलिस एक्ट के तहत 4 चालान किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट एवं शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।।

