एसएसपी अजय गणपति की अपराध समीक्षा बैठक: कबूतरबाजों, भू-माफियाओं और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, आधुनिक पुलिसिंग और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले कबूतरबाजी एजेंटों के खिलाफ तत्काल मुकदमे दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले में संचालित सभी इमिग्रेशन एजेंसियों के दस्तावेजों और इमिग्रेशन लाइसेंसों की गहन जांच करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं नशे के कारोबार पर भी सख्त रुख अपनाते हुए नशा तस्करों और नशा करने वालों को चिन्हित कर जेल भेजने के निर्देश दिए गए। यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता इस अवैध कारोबार में सामने आती है तो उसकी रिपोर्ट तत्काल उच्चाधिकारियों को भेजने के आदेश दिए गए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी चौकी प्रभारियों को असामाजिक तत्वों के विरुद्ध धारा 107/116 सीआरपीसी के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। न्यायालयों से प्राप्त लंबित ई-समनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने तथा जनपद में रहने वाले बाहरी राज्यों के शस्त्र लाइसेंस धारकों का गहन सत्यापन करने के भी निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए कहा कि एक वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित साइबर मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही पुलिस विवेचनाओं और चालान की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विधिक प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करने पर भी जोर दिया।
आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा और हेडसेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए। थाना और चौकी प्रभारियों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्रों में नागरिकों और व्यापारियों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जागरूक करें, ताकि अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सके।
बैठक में एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होती है तो संबंधित चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मासिक अपराध समीक्षा बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी अजय गणपति ने सभी पुलिस अधिकारियों से जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।।

