ऊधमसिंहनगर में स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70 के चालान और 25 वाहन सीज
ऊधमसिंहनगर में स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70 के चालान और 25 वाहन सीज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी के निर्देशानुसार विद्यालयी बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा मोटर वाहन अधिनियम एवं सुरक्षित स्कूल वाहन संचालन संबंधी मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए बुधवार को ऊधमसिंहनगर जनपद में स्कूल वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत रुद्रपुर, किच्छा, पुलभट्टा, सितारगंज और खटीमा क्षेत्रों में स्कूल बसों एवं स्कूल वैन की सघन जांच की गई। इस दौरान फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास, जीपीएस, स्पीड गवर्नर सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया गया जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 70 स्कूल वाहनों के चालान किए गए, जबकि 25 स्कूल वाहनों को सीज (जब्त) किया गया। सीज किए गए वाहनों में 15 स्कूल बसें और 5 स्कूल वैन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 45 अन्य वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि विद्यालयी वाहनों का संचालन केवल वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रुद्रपुर नवीन सिंह, परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी, गोविंद सिंह बिष्ट, आनंद प्रकाश गुप्ता सहित समस्त प्रवर्तन स्टाफ मौजूद रहा।।

