रमपुरा की जर्जर सड़क का निर्माण शुरू, विधायक शिव अरोरा ने किया शुभारंभ
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। रमपुरा क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से राहत मिलने जा रही है। कटोरी मंदिर से चंद्रपाल किराना तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य गुरुवार को विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में शुरू कराया गया। यह मार्ग रमपुरा के तीन वार्डों से होकर गुजरता है और प्रतिदिन हजारों लोग इसका उपयोग करते हैं।
बताया गया कि पिछले दो वर्षों से अधिक समय से सड़क अत्यंत खराब स्थिति में थी। जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया था। स्थानीय निवासी लगातार सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। गुरुवार सुबह विधायक शिव अरोरा स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों की मौजूदगी में सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
सड़क निर्माण शुरू होने पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के पार्षदों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जनसेवा के संकल्प के साथ रुद्रपुर विधानसभा में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रमपुरा उनके परिवार की तरह है और इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण का जो वादा उन्होंने जनता से किया था, उसे आज पूरा कर दिया गया है।
विधायक ने बताया कि लगभग 20 लाख रुपये की लागत से विधायक निधि से इस सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली केवल घोषणाएं करने की नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि रमपुरा स्थित बारातघर के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल हो चुका है और शासन को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही इस कार्य को भी शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर वार्ड-21 के पार्षद गिरीश पाल, वार्ड-22 के पार्षद पति चंद्रसेन चंदा, वार्ड-23 के पार्षद पति राजू कोली, नामित पार्षद राजकुमार कोली, पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्म सिंह कोली, डॉ. महेश कोली, सौरभ गुप्ता, राज कोली, त्रिलोक कोली, सुदामा कोली, जितेंद्र मौर्य, अर्पित सिंह, रामवती, प्रभा देवी, सुषमा, मयंक कक्कड़, मनोज मदान, सन्नी पासवान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।।

