एक लाख के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को ऊधमसिंहनगर पुलिस ने दबोचा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली आईटीआई पुलिस ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान योगेश मलिक उर्फ भदौरिया (53 वर्ष), पुत्र भोपाल सिंह, निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
आगे की पूछताछ और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के बाद पुष्टि हुई कि आरोपी एक लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर है। वह मेरठ के थाना कंकरखेड़ा में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे सहित कई मामलों में वांछित था। इसके अलावा थाना गंगोह (सहारनपुर) में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, योगेश मलिक के खिलाफ मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत विभिन्न जनपदों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित 46 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, उपनिरीक्षक हरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, कांस्टेबल रमेश बंगयाल तथा पीआरडी जवान अनिल शामिल रहे।।

