सितारगंज में सेवा सप्ताह शिविर आयोजित, 43 शिकायतें दर्ज, 15 का मौके पर निस्तारण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
सितारगंज। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट, सितारगंज में सेवा सप्ताह शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 28 विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी।
शिविर में ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, लोक निर्माण, सिंचाई, जल निगम, शिक्षा, समाज कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पशु चिकित्सा, वन, उद्योग, उद्यान, मत्स्य, बाल विकास तथा भूमि संरक्षण सहित विभिन्न विभागों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान कुल 43 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
शिविर की व्यवस्थाएं खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में की गईं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन का समापन किया।।

