पीएलवी न्याय व्यवस्था की रीढ़, जरूरतमंदों तक पहुंचाएं निःशुल्क न्याय : जिला एवं सत्र न्यायाधीश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने पीएलवी कार्यकर्ताओं को न्याय व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि वे समाज और न्यायालय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क और सुलभ न्याय की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विधि विशेषज्ञों ने पीएलवी कार्यकर्ताओं को विभिन्न कानूनों, सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रशिक्षण में सरकारी अधिवक्ता सरदार बीत सिंह (डीजीसी), वरिष्ठ अधिवक्ता पारुल एवं छवि अग्रवाल ने भी न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं कानूनी अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर सचिव ममता पंत ने हरेला पर्व के मद्देनजर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पूरे जनपद में वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर सहित जनपदभर में पखवाड़े तक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके उपरांत ममता पंत ने प्राधिकरण परिसर में इमली एवं आम के पौधों का रोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर पीएलवी कार्यकर्ता एस.के. श्रीवास्तव, अंकित त्रिपाठी, नीतू राणा, मुलांशु शर्मा, अनुष्का द्विवेदी, ज्योति पाल, अमन पांडे, मोहित कुमार, पवन कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।।

