ऊधम सिंह नगर

डीएम नैनीताल का बड़ा ऐलान: गुप्त सूचना दें, ₹50 हजार का इनाम पाएं

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान नैनीताल। जनपद में भ्रूण लिंग परीक्षण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ने घोषणा की है कि बिना पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) के अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित करने वालों की गुप्त सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹50,000 का इनाम दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी कीमत पर भ्रूण लिंग परीक्षण नहीं होने दिया जाएगा। संदिग्ध अल्ट्रासाउंड सेंटरों और संस्थानों की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम तत्काल छापेमारी करेगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के अवैध गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी रेडियोलॉजिस्ट एवं सोनोलॉजिस्ट के लिए वैध पंजीकरण अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध भ्रूण लिंग परीक्षण या बिना पंजीकरण अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित होने की जानकारी मिले, तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को रोकने में सहयोग करें।।

error: Content is protected !!
Call Now Button