ऑपरेशन प्रहार: किच्छा हत्याकांड में नामजद दो शातिर बदमाश अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार: किच्छा हत्याकांड में नामजद दो शातिर बदमाश अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा के चर्चित विक्रांत बागी हत्याकांड में प्रकाश में आए दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार को बॉर्डर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विक्रांत बागी हत्याकांड में नामजद सिप्पी सागर उर्फ राजीव सागर और अंकित सागर उर्फ गट्टी बाइक से उत्तर प्रदेश की ओर फरार होने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ब्लॉक रोड पर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान सिप्पी सागर के पास से एक .315 बोर का देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि अंकित सागर के पास से एक .315 बोर का देशी तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो भी पोस्ट करते थे और क्षेत्र के युवकों से उनका विवाद रहता था।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। हत्याकांड में प्रकाश में आए अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों पर हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार, चौकी प्रभारी पंकज कुमार एवं पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की।।

