जिला अस्पताल पहुंचे महापौर विकास शर्मा, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने रविवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल और प्रमुख अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी ने अस्पताल में चिकित्सकों, उपकरणों, संसाधनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने अधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जिला स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा, जबकि शासन स्तर के मुद्दों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मरीजों को बेहतर, सुलभ और समय पर उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए और उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय जनपद का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, इसलिए यहां संसाधनों और सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। अस्पताल के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए वह जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर आवश्यक मांगों को उनके समक्ष रखेंगे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, प्रमुख अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. मीनाक्षी सुमन, पंकज गुंसाई, नन्द लाल, प्रदीप महर, हेम चन्द्र पंत, दीपा जोशी, अरुण बघेल, भैरव दत्त सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।।

