ऊधम सिंह नगर

किच्छा हत्याकांड: दो और आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी संरक्षण में; अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। किच्छा कोतवाली क्षेत्र के महराया रोड, लालपुर में हुए चर्चित विक्रांत उर्फ बागी हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून की शाम करीब छह बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि महराया रोड, लालपुर में कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मार दी है। गंभीर रूप से घायल विक्रांत उर्फ बागी को पहले अमृत अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के संबंध में 26 जून को कंचन पत्नी विकास निवासी हरि मंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मौत के बाद मामले में हत्या सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गईं एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पहले 26 जून को वरुण कुमार और सुशील को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर उपचाराधीन बताया गया है। इसके बाद 27 जून को पुलिस ने दीपक पुत्र श्यामलाल निवासी खमरिया रोड, लालपुर तथा विजय प्रताप पुत्र राम प्रसाद निवासी बाबू राम गली, रामेश्वरपुर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, दीपक जोशी, पवन जोशी, बसंत प्रसाद सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।।

error: Content is protected !!
Call Now Button