Saturday, June 27, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल की कमियां दूर होने के बाद ही खुलेगा विद्यालय, सुरक्षा मानकों की होगी सख्त जांच

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। उत्तराखण्ड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल से जुड़ी शिकायतों और विद्यालय को अचानक बंद किए जाने के मामले में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षा विभाग के अधिकारी, अन्य निजी विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
बैठक में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा, भवन की स्थिति, वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग सदस्य ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि भवन सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, पृथक फायर टैंक, वैध ऑक्युपेंसी प्रमाणपत्र, विद्यालय तक सुरक्षित पहुंच मार्ग सहित सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही विद्यालय का संचालन किया जाए। इन व्यवस्थाओं का प्रमाण पत्र खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की सभी कमियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय में आयोग को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। विद्यालय प्रबंधन को सभी कमियों का शीघ्र निराकरण कर शासन एवं शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार विद्यालय का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

आयोग सदस्य ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को 10 से 12 सदस्यीय संयुक्त समिति गठित करने के निर्देश दिए। इस समिति में जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, श्रम विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। समिति जिले के सभी निजी एवं अशासकीय विद्यालयों तथा कोचिंग सेंटरों के सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करेगी। इसके लिए जुलाई के दूसरे सप्ताह तक निरीक्षण रोस्टर तैयार किया जाएगा।

बैठक में विद्यालयों में शिकायत पेटिकाओं की नियमित निगरानी, नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान, स्कूल परिवहन व्यवस्था में सुधार तथा अभिभावकों के साथ नियमित प्रबंधन समिति बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, भानु प्रताप कुशवाह सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Call Now Button