रुद्रपुर में शुरू हुई गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ऑन्कोलॉजी ओपीडी, अब स्थानीय मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ कैंसर सलाह
रुद्रपुर में शुरू हुई गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ऑन्कोलॉजी ओपीडी, अब स्थानीय मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ कैंसर सलाह
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नई दिल्ली ने रुद्रपुर स्थित किशोर हॉस्पिटल में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उनके शहर में ही कैंसर संबंधी विशेषज्ञ परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना है।
हॉस्पिटल के अनुसार, जीआई ऑन्कोसर्जरी विभाग के डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. मनीष जैन प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक किशोर हॉस्पिटल में मरीजों को परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं देंगे।
डॉ. मनीष जैन ने बताया कि इस ओपीडी के माध्यम से लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों—जैसे शरीर में गांठ, खून की उल्टी, निगलने में कठिनाई और अचानक वजन कम होना—के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही मरीजों को समय पर जांच, उचित उपचार और विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें प्रारंभिक परामर्श के लिए महानगरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर भोजन नली, पेट, छोटी और बड़ी आंत, लिवर, पैंक्रियाज तथा गॉल ब्लैडर जैसे अंगों को प्रभावित करता है। समय पर पहचान और आधुनिक तकनीकों, जैसे रोबोटिक-असिस्टेड सर्जरी, के माध्यम से जटिल सर्जरी भी अधिक सटीक और सुरक्षित तरीके से की जा सकती हैं।
किशोर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राहुल किशोर ने कहा कि बीएलके-मैक्स के सहयोग से क्षेत्र के लोगों को अब अपने घर के निकट ही विशेषज्ञ कैंसर उपचार और परामर्श की सुविधा मिल सकेगी। यह पहल रुद्रपुर और आसपास के मरीजों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी
हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना है कि इस नई ओपीडी के माध्यम से अत्याधुनिक कैंसर उपचार सेवाओं का लाभ अब अधिक संख्या में मरीजों तक पहुंचाया जा सकेगा।।
