Friday, September 25, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

कृषि विभाग किसानों को नहीं जुटा पाया, दूसरे विभागों के कर्मचारियों से भरी गई भीड़: राजकुमार ठुकराल

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने गांधी पार्क में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के हित में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों की भागीदारी बेहद कम रही।

ठुकराल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों से संवाद करना था, लेकिन गांधी पार्क में किसानों की संख्या लगभग नदारद रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन और कृषि विभाग ने अन्य स्थानों से लोगों को बुलाया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और अन्य विभागों के कर्मचारियों की उपस्थिति के सहारे कार्यक्रम की भीड़ पूरी करने का प्रयास किया। उनके अनुसार, इससे यह स्पष्ट हो गया कि कृषि विभाग किसानों को कार्यक्रम तक लाने और उनसे संवाद स्थापित करने में पूरी तरह विफल रहा।उन्होंने कहा कि किसानों की कम उपस्थिति के कारण कार्यक्रम का उद्देश्य पूरा नहीं हो सका और पूरे आयोजन में निराशा का माहौल रहा। यदि कार्यक्रम वास्तव में किसानों के हित में आयोजित किया गया था, तो कृषि विभाग को पहले किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए थी।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि कृषि विभाग किसानों की मूल समस्याओं के समाधान के बजाय केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित है। उन्होंने कहा कि आज किसान खाद की किल्लत से जूझ रहे हैं और कई स्थानों पर तीन-चार कट्टे खाद तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है और किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

ठुकराल ने कहा कि यदि कृषि विभाग समय पर खाद उपलब्ध कराने और किसानों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देता, तो किसानों को इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने सरकार और कृषि विभाग से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने तथा योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचाने की मांग की।

error: Content is protected !!
Call Now Button