ऊधम सिंह नगर

पंतनगर में पूर्व छात्र सम्मेलन से कृषि नवाचार को मिली नई दिशा, रुद्रपुर के ‘खेत बचाओ अभियान’ से किसानों को 369.66 करोड़ की सौगात

पंतनगर में पूर्व छात्र सम्मेलन से कृषि नवाचार को मिली नई दिशा, रुद्रपुर के ‘खेत बचाओ अभियान’ से किसानों को 369.66 करोड़ की सौगातसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर/पंतनगर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कृषि मंत्री गणेश जोशी के साथ जनपद ऊधमसिंह नगर में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन एवं “ब्रेन 3.0” कार्यशाला का शुभारंभ करने के बाद उन्होंने रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान कृषि, अनुसंधान, प्राकृतिक खेती और किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रो. ए.के. मुखोपाध्याय को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे पंतनगर किसी को धन्य करने नहीं, बल्कि स्वयं हरित क्रांति की इस पावन भूमि पर आकर धन्य होने आए हैं। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने देश को वैज्ञानिक, नीति निर्माता, कृषि उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन देकर भारतीय कृषि को नई दिशा दी है।उन्होंने कहा कि भारत आज लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है तथा चावल उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों—जलवायु परिवर्तन, घटते भूजल स्तर, मिट्टी के स्वास्थ्य और बदलते मौसम—का समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार से ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वे भारतीय कृषि के भविष्य से संवाद कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि यहां से निकलने वाले छात्र देश-दुनिया में भारत का नाम रोशन करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पूर्व छात्रों से अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, कृषि उद्यमिता तथा युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हरित क्रांति का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने आधुनिक तकनीकों जैसे एआई, ड्रोन, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल कृषि को अपनाने पर भी बल दिया।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने पंतनगर संग्रहालय, स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों के साथ धान की रोपाई की तथा विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके बाद रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 46.32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 9 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 323.34 करोड़ रुपये की लागत से 32 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस प्रकार कुल 369.66 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात जनपद को मिली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “जब खेत बचेंगे तो जमीन बचेगी, जमीन बचेगी तो पृथ्वी बचेगी और पृथ्वी बचेगी तो जीवन बचेगा।” उन्होंने किसानों से मिट्टी की जांच कर संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा भूमि संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री किसानों का पहला सेवक होता है और किसान ही उनके लिए भगवान हैं।

उन्होंने उत्तराखंड के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए बताया कि मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। बड़ी नर्सरी स्थापित करने वालों को 4 करोड़ रुपये तथा छोटी नर्सरी के लिए 2 करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाएगी। चौबटिया (अल्मोड़ा) में 15 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित होगा तथा कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए न्यूजीलैंड के सहयोग से 15 करोड़ रुपये की विशेष योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 65 करोड़ रुपये की फेंसिंग योजना तथा प्रदेश में 104 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ किसान, स्वस्थ मिट्टी और स्वस्थ कृषि व्यवस्था ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने, रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने तथा मिट्टी के स्वास्थ्य की रक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याज मुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क सिंचाई, कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान, पॉलीहाउस, कोल्ड स्टोरेज, मेगा फूड पार्क तथा कृषि आधारित स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं के माध्यम से निरंतर सहयोग दे रही है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हरित क्रांति की जननी पंतनगर विश्वविद्यालय में सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित करने का अनुरोध किया। वहीं रुद्रपुर में उन्होंने फेंसिंग के लिए 65 करोड़ रुपये, जैविक खेती के लिए 10 करोड़ रुपये तथा मडुवा और झंगोरा को एमएसपी में शामिल करने का आग्रह किया।

दोनों कार्यक्रमों में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, सचिव डॉ. एस.एन. पांडे, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, पूर्व छात्र, किसान और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button