ऊधम सिंह नगर

सोशल मीडिया विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की गोली मारकर हत्या पुलिस ने 12 घंटे में दो आरोपी दबोचे

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। थाना किच्छा क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें धाधा फार्म क्षेत्र से धर दबोचा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वरुण कुमार (21) निवासी रामेश्वरपुर, किच्छा तथा सुशील (24) निवासी शिमला पिस्तौर, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक 25 जून को महराया लालपुर रोड पर 6-7 युवकों ने विक्रांत नामक युवक पर फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल विक्रांत को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों से होते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की माता कंचन देवी की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मृत्यु के बाद मुकदमे में हत्या की धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी गई पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मृतक और उनके बीच सोशल मीडिया पर लंबे समय से विवाद और बयानबाजी चल रही थी, जो धीरे-धीरे आपसी रंजिश में बदल गई। इसी रंजिश के चलते मौका पाकर विक्रांत पर फायरिंग की गई।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर वर्तमान में घायल अवस्था में उपचाराधीन है। उसकी चोटों की जांच कराई जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी अपराध में शामिल आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button