ऊधम सिंह नगर

उधम सिंह नगर में नए गर्भनिरोधक साधनों पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर, 25 जून। जनपद में परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग एवं पीएसआई इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने की।

कार्यक्रम में नए गर्भनिरोधक साधनों इम्प्लांट एवं अंतरा एससी के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर डॉ. के.के. अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक गर्भनिरोधक विकल्प परिवार नियोजन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया जिला समन्वयक (परिवार नियोजन) प्रदीप मेहर ने परिवार नियोजन के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न गर्भनिरोधक विकल्पों (बास्केट ऑफ चॉइस) की जानकारी देते हुए कहा कि लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता एवं इच्छा के अनुरूप विकल्प उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता त्रिपाठी ने बताया कि इम्प्लांट तीन वर्ष तक प्रभावी रहने वाला आधुनिक गर्भनिरोधक साधन है, जिसे केवल प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा मेडिकल कॉलेज में लगाया जाएगा। वहीं अंतरा एससी तीन माह तक प्रभावी रहने वाला गर्भनिरोधक इंजेक्शन है, जिसकी सुविधा सीएचसी, एसडीएच एवं जिला अस्पतालों में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि महिलाएं मासिक धर्म शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर इन साधनों का उपयोग शुरू कर सकती हैं कार्यशाला में डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. सुधीर गुप्ता एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) हिमांशु मुस्योनी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने परिवार नियोजन कार्यक्रम को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सुझाव भी साझा किए।

पीएसआई इंडिया के प्रबंधक आशीष भटनागर ने बताया कि संस्था वर्तमान में उधम सिंह नगर, नैनीताल एवं अल्मोड़ा जनपदों में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उधम सिंह नगर में अंतरा एससी की निर्धारित 150 डोज का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम में पीएसआई की जया नेगी (एफपीसी) ने भी नए गर्भनिरोधक साधनों की उपयोगिता एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की जानकारी दी कार्यशाला के अंत में परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सुझाव साझा किए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button