ऊधम सिंह नगर

टीबी मुक्त चम्पावत अभियान को मिली नई ताकत, 40 मरीजों को मिली निक्षय पोषण किट

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

चम्पावत। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से मजबूत बनाने की दिशा में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान 40 टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान स्वयं निक्षय मित्र बनकर मरीजों की सहायता के लिए आगे आए जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उपचाररत टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने का विषय उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से निक्षय मित्र बनकर मरीजों के सहयोग का आह्वान किया। प्रशासन की इस पहल से प्रेरित होकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहयोग करते हुए 40 मरीजों के लिए पोषण किट उपलब्ध कराईं।पोषण किट में दाल, प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री, पौष्टिक अनाज सहित अन्य आवश्यक पोषण सामग्री शामिल की गई है। इसका उद्देश्य उपचार अवधि के दौरान मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया को मजबूत करना है। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि टीबी के इलाज में दवाओं के साथ पौष्टिक एवं संतुलित आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से निक्षय मित्र बनकर इस अभियान से जुड़ने और टीबी मुक्त चम्पावत के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी का अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से जहां टीबी मरीजों को आवश्यक पोषण सहायता मिलेगी, वहीं समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित होगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button