विधि-विधान के साथ ‘चौकी संजय वन’ का शुभारंभ, एसएसपी अजय गणपति ने किया उद्घाटन
विधि-विधान के साथ ‘चौकी संजय वन’ का शुभारंभ, एसएसपी अजय गणपति ने किया उद्घाटन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर/पंतनगर, 24 जून। जनपद ऊधमसिंहनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोतवाली पंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत नवस्थापित ‘चौकी संजय वन’ का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर चौकी का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद एसएसपी अजय गणपति ने दीप प्रज्वलित कर नवस्थापित चौकी को जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस “सुरक्षा, सेवा और विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि चौकी संजय वन के संचालन से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ेगी, जिससे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से पुलिस के साथ सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। एसएसपी ने कहा कि नई चौकी के स्थापित होने से आमजन की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव हो सकेगा तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, स्थानीय निवासी तथा अन्य सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे। नई चौकी के शुभारंभ को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।

