28 जून से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 2.74 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान 28 जून से 4 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई, जिसमें अधिकारियों को अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 0
से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को ब्लॉक स्तर पर बैठकें कर ठोस कार्ययोजना बनाने तथा कम वैक्सीनेशन वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही 29 जून से 4 जुलाई तक आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने को कहा गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि जनपद में 2,74,889 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1184 फिक्स, 86 ट्रांजिट और 52 मोबाइल बूथ सहित कुल 1322 बूथ बनाए गए हैं तथा अभियान में 259 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

