मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध पूरा करें एसआईआर कार्य: डीएम नितिन सिंह भदौरिया
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध पूरा करें एसआईआर कार्य: डीएम नितिन सिंह भदौरिया
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सभी बीएलओ पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने, भरे हुए प्रपत्र वापस प्राप्त करने तथा उनका डिजिटलीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा प्रतिदिन शाम तक प्रगति रिपोर्ट कंट्रोल रूम एवं निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने आम जनता से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र नागरिक अपने विवरण सही कराकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में योगदान दें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, ओसी हिमांशु कफलटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि अन्य उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।।

