Monday, September 21, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करें, कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाएं: डीएम नितिन सिंह भदौरिया

लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करें, कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाएं: डीएम नितिन सिंह भदौरियासौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों से नियमित कोर्ट लगाकर पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा बकायेदारों से सख्ती से राजस्व वसूली सुनिश्चित करने को कहा बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रियता बढ़ाने और जनपद की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही, पॉक्सो मामलों की विवेचना में आने वाली कमियों की चेकलिस्ट तैयार कर भविष्य की जांच में सुधार करने को कहा।डीएम ने निर्देश दिए कि पुलिस एवं अभियोजन विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी अपराधी को विभागीय कमियों के कारण न्यायालय से दोषमुक्त होने का अवसर न मिले। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध रूप से पूरी कराने के निर्देश भी दिए। बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को चकबंदी प्रक्रिया में तेजी लाकर मार्च तक कार्य पूर्ण करने को कहा गया जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को कच्ची शराब और अवैध मदिरा की बिक्री रोकने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं सीएम हेल्पलाइन, जन समर्पण पोर्टल, आयोग एवं न्यायालय संबंधी मामलों, ऑडिट आपत्तियों तथा पेंशन प्रकरणों की रिपोर्ट समय सीमा में प्रस्तुत करने को कहा उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने और शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के लिए कहा गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग करने तथा होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य विक्रेताओं के साथ जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए नियमित जांच और सैंपलिंग अभियान चलाया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।।

error: Content is protected !!
Call Now Button