ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में स्मार्ट मीटर अभियान ने रचा इतिहास, एक दिन में रिकॉर्ड 1350 स्मार्ट मीटर स्थापित

रुद्रपुर में स्मार्ट मीटर अभियान ने रचा इतिहास, एक दिन में रिकॉर्ड 1350 स्मार्ट मीटर स्थापित
उपभोक्ताओं के अभूतपूर्व सहयोग और विद्युत विभाग की मेहनत से मिली बड़ी सफलता
स्मार्ट मीटर से मिलेगी पारदर्शी बिलिंग व रियल टाइम बिजली खपत की जानकारी
बिजली चोरी पर लगेगी लगाम, आधुनिक विद्युत व्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा रुद्रपुरसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। रुद्रपुर शहर में चल रहे स्मार्ट मीटर स्थापना अभियान ने शुक्रवार को एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। विद्युत विभाग, यूपीसीएल और स्मार्ट मीटर एजेंसी की संयुक्त टीमों ने एक ही दिन में रिकॉर्ड 1350 स्मार्ट मीटर स्थापित कर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि न केवल विभागीय कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि शहर के जागरूक उपभोक्ताओं की सकारात्मक सोच और सहयोग को भी दर्शाती है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से देर शाम तक चले विशेष अभियान के दौरान बड़ी संख्या में टीमों को मैदान में उतारा गया। अधिकारियों की सतत निगरानी और कर्मचारियों की मेहनत के चलते निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक स्मार्ट मीटर लगाए गए। विभाग का कहना है कि यह अब तक का सबसे सफल और प्रभावी स्थापना अभियान साबित हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर केवल एक तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि बिजली उपभोक्ताओं को पारदर्शी, सुलभ और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रुद्रपुर के नागरिकों ने इस पहल को खुले मन से स्वीकार किया है, जिसके कारण अभियान को अपेक्षा से अधिक सफलता मिल रही है।

स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की जानकारी रियल टाइम में प्राप्त होगी। इसके साथ ही बिलिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, जिससे गलत बिल या मीटर रीडिंग संबंधी शिकायतों में कमी आएगी। उपभोक्ता मोबाइल एप और ऑनलाइन माध्यमों से अपनी बिजली खपत की निगरानी कर सकेंगे तथा समय पर भुगतान भी आसानी से कर पाएंगे हर उपभोक्ता तक पहुंचाई जाएंगी आधुनिक विद्युत सेवाएं विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर तकनीक से बिजली वितरण प्रणाली अधिक मजबूत और विश्वसनीय बनेगी। किसी भी तकनीकी खराबी या बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या की जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी, जिससे शिकायतों का निस्तारण पहले की अपेक्षा कहीं अधिक तेजी से किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त बिजली चोरी और अनियमित खपत पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में यह प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अभियान की सफलता पर विभागीय अधिकारियों ने रुद्रपुर के उपभोक्ताओं, कर्मचारियों, तकनीकी टीमों और संबंधित एजेंसियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य आगामी दिनों में और तेज गति से जारी रहेगा। लक्ष्य है कि शहर के प्रत्येक विद्युत उपभोक्ता को आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाओं से जोड़ा जाए और बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा उपभोक्ता हितैषी बनाया जाए अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जिस प्रकार रुद्रपुर के नागरिकों ने अब तक सहयोग दिया है, उसी प्रकार आगे भी समर्थन मिलता रहा तो स्मार्ट मीटर स्थापना का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा। रुद्रपुर आज स्मार्ट ऊर्जा प्रबंधन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह रिकॉर्ड उपलब्धि उसी परिवर्तन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button